बांका में ट्रेन से कटकर तीन दोस्तों की मौत, श्रावणी मेला में कांवरियों की सेवा कर लौट रहे थे घर

क्राइम ब्रेकिंग

बांका

कटोरिया- बांका रेल खंड पर कटोरिया थाना क्षेत्र के पपरेवा कला से सटे तेलिया बांध के पास पटरी पर ट्रैन से कटकर सोमवार की सुबह तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों मृतकों की पहचान हो गई है। सभी कटोरिया थाना क्षेत्र के उदयकुरा गांव के निवासी बताए गये हैं। मृतकों में गांव के श्यामकिशोर मुर्मू का पुत्र माणिकलाल मुर्मू (18 वर्ष), विशन मुर्मू  का पुत्र अरविंद मुर्मू (16 वर्ष) एवं चुन्नीलाल मुर्मू का पुत्र सीतराम मुर्मू (15वर्ष) शामिल है। उनकी दर्दनाक मौत अगरतल्ला से देवघर जा रही ट्रैन से कटकर हुई।

बताया गया है कि घटना सुबह के 5 बजकर 17 मिनट पर हुई। ट्रेन से कटकर तीन की मौत होने की सूचना पाकर एसडीपीओ बेलहर प्रेमचंद्र सिंह,थाना अध्यक्ष महेश्वर राय दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। वहीं बांका से रेल पुलिस हवलदार कृष्ण कुमार महतो ने भी घटनास्थल पर छानबीन की।

दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में मातम का माहौल छा गया है। एसडीपीओ बेलहर प्रेमचंद्र सिंह ने बताया कि कटोरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतकों के पास केशरिया गमछा और लाठी के साथ मोबाइल मिले है। बताया गया  है कि तीनों रविवार की रात को डाक कांवरियों की सेवा के लिए घर से निकले थे। सभी रेल लाइन पकड़कर घर लौट रहे थे। संभवतः थोड़ी देर सुस्ताने के लिए किनारे पर बैठ गए जहां उन्हें थकान की वजह से नींद आ गई। इसी बीच ट्रेन आ गई और दर्दनाक हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *