बिहार में गर्मी से मिली लोगों को मामूली राहत, आंधी-पानी को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट जारी

देश ब्रेकिंग

पटना

पछुआ के प्रवाह के बीच पटना सहित राज्य भर में अधिकतम तापमान में कमी से आंशिक राहत मिली है। अगले दो दिन भी मौसम के मिजाज में आंशिक नरमी के आसार हैं। पटना सहित राज्य भर में अधिकतम तापमान थोड़ा और नीचे आ सकता है। दरअसल राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर बाद से पुरवा हवा का प्रभाव बना है, जिससे अधिकतम तापमान में कमी के संकेत मिल रहे हैं। 13 और 14 मई को पूर्वी बिहार में कुछ जगहों पर आंधी-पानी की स्थिति बन सकती है। इसका प्रभाव भी बहुत व्यापक नहीं है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक यह कमी एक से दो डिग्री की ही होगी लेकिन लोगों को हीट वेव से निजात मिलेगी। गुरुवार से पटना सहित प्रदेश के कई जिलों में इसका असर दिखना शुरू हो गया है। मौसमविदों के मुताबिक राज्य के 17 शहरों के अधिकतम तापमान में कमी आई है। राज्यभर में गुरुवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान शेखपुरा में 42.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पटना के अधिकतम तापमान में लगातार दूसरे दिन कमी आई है। यहां 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर और बांका में हीट वेव की स्थिति रही।

किशनगंज में तीन डिग्री नीचे आया अधिकतम पारा
राज्य में अधिकतम तापमान में सर्वाधिक कमी किशनगंज में दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की कमी आई है। खगड़िया में एक डिग्री, पूसा में 1.2 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 1.4 डिग्री, जीरादेई में 1.2 डिग्री, औरंगाबाद में 1.2 डिग्री, डेहरी एक डिग्री, दरभंगा में 0.6 डिग्री, पूर्णिया में 0.6 डिग्री, गया में 0.5 डिग्री की कमी आई है। अन्य कई शहरों के तापमान में आंशिक गिरावट आई है। वैशाली, मोतिहारी, सबौर, बांका व अन्य कुछ जिलों में अधिकतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के वरीय मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मोचा चक्रवात का बिहार पर कोई असर नहीं है। झारखंड व आसपास के इलाके में एक चक्रवातीय परिसंचरण की स्थिति बनी है। 13 और 14 मई को पूर्वी बिहार में कुछ जगहों पर आंधी-पानी की स्थिति बन सकती है। इसका प्रभाव भी बहुत व्यापक नहीं है। आंशिक नमी के प्रवाह से वातावरण में थोड़ी अस्थिरता की स्थिति बनेगी, जिससे पूर्वी बिहार में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। 15 मई तक राज्य में मौसम में विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।

प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
पटना  40.8
गया  40.6
भागलपुर 41.4
पूर्णिया 40.3
खगड़िया 40.2
शेखपुरा 42.2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *