बिहार में पारा चढ़ने के साथ ठंड का असर कम हुआ, जानें अगले 5 दिन मौसम का हाल

Uncategorized

पटना

बिहार में ठंड का कहर अब कम हो गया है। कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इससे अधिकतर इलाकों में दिन में गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि, ठंडी हवाओं के चलते रात में सर्द अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक राज्य में शीतलहर या बारिश के कोई आसार नहीं हैं। इस दौरान सूबे में रात के पारे में कोई खास बदलाव होने की भी संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को बिहार के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। किशनगंज और सबौर में सबसे कम 11 डिग्री सेल्सियस पारा रहा। राजधानी पटना में रात का तापमान 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ सर्वाधिक 17 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने और धूप होने से ठंड का असर दोपहर में बिल्कुल कम हो गया है। औरंगाबाद और रोहतास में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार हो गया है। बीते 24 घंटे के भीतर वाल्मीकिनगर और जमुई को छोड़कर अन्य सभी जिलों में दिन के पारे में बढ़ोतरी देखी गई।

पटना मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य भर में अगले 5 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान रात के तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि, अधिकतम पारे में बढ़ोतरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *