समस्तीपुर में बेटी की आने वाली थी बारात, बदमाशों ने पिता को मारी गोली

Uncategorized

समस्तीपुर

समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना की मनियारपुर पंचायत के रामपुर गांव में रविवार सुबह करीब सात बजे बदमाशों ने गोली मार एक व्यक्ति को जख्मी कर दिया। गोली लगने के बाद परिजन उसे पीएचसी ले गए जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर डी. सिंह ने समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जख्मी की मो. शकील के रूप में पहचान हुई है। उन्हें दो गोलियां लगी हैं।

रविवार दोपहर उसकी बेटी की बारात आने वाली थी। घर में लोग शादी की तैयारी में व्यस्त थे। उसी दौरान बदमाश ने इस घटना को अंजाम दिया। इलाज कराने के दौरान जख्मी ने पीएचसी में पुलिस को बताया कि सुबह वह अपने दरवाजे पर सोया हुए थे। करीब सात बजे एक लड़का आया और उस पर गोली चला दी। एक गोली दाएं पैर के जंघा के पास और दूसरी गोली बाएं पैर के घुटने के पास लगी। गोली की आवाज सुनकर परिवार व आस पड़ोस के लोग आए तब तक गोली चलाने वाला  बदमाश भाग गया था। इसके बाद परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि जख्मी व्यक्ति परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं। बेटी की शादी करने के लिए गांव आये हैं। घटना से परिजन चिंतित थे लेकिन समय से बारात आयी और शादी हो गई। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात थे। दरभंगा से बारात आयी। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि जख्मी का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *