बारात में जा रहे शख्स की गोली मारकर हत्या, सड़क से गुजर रहे 10 साल के बेटे ने मंजर देखा तो…

क्राइम ब्रेकिंग

पूर्णिया

पूर्णिया जिले में एक शख्स की गुरुवार देर रात बीच सड़क गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भवानीपुर थाना इलाके के दुर्गापुर गांव निवासी सोनू मंडल के तौर पर हुई है। देर रात करीब डेढ़ बजे अकबरपुर ओपी क्षेत्र के बहादुरा-ज्मेहरा रोड पर अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। सोनू अपने दोस्त की बारात में शामिल होने के लिए घर से निकला था। उसी शादी से वापस लौट रहे उसके 10 साल के बेटे ने सड़क किनारे पड़ी बाइक देखी। पास जाकर देखा तो उसके पिता की लाश पड़ी हुई नजर आई। इसके बाद सभी को वारदात का पता चला।

इसकी सूचना तुरंत अकबरपुर ओपी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क किनारे पड़े शव को और बाइक को कब्जे में लिया। अकबरपुर की ओपी अध्यक्ष सूरज प्रसाद ने बताया कि मृतक की पहचान कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। देर रात हुई इस हत्या की कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

 

उन्होंने बताया कि देर रात करीब एक बजे थाना पुलिस की गश्ती गाड़ी इस सड़क से गुजरी थी, तब तक ऐसी कोई भी वारदात नहीं हुई थी। बताया जा रहा है कि सोनू मंडल शाम के समय अपने गांव दुर्गापुर से बाइक पर सवार होकर बारात जाने के लिए निकला था। इस बीच अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित भिखना गांव अपने साढ़ू के घर गया। फिर देर रात वहां से निकलकर पिपरा गांव बारात में शरीक होने जा रहा था। सोनू मंडल का ससुराल भी अकबरपुर ओपी क्षेत्र के जम्हैरा गांव में ही है। हालांकि अब तक परिवार के लोगों ने मृतक सोनू मंडल की किसी से भी दुश्मनी होने की बात से इनकार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *