झारखंड से भटककर बिहार आए हाथी ने मचाया उत्पात, महिला को पटक-पटककर मार डाला

क्राइम ब्रेकिंग

नवादा

झारखंड से बिहार में नवादा की सीमा में घुसे हाथी ने एक महिला की जान ले ली। घटना गुरुवार तड़के करीब पांच बजे वारिसलीगंज के बल्लोपुर गांव में घटी। मृतका शांति देवी (55) बल्लोपुर गांव के सरयुग प्रसाद की पत्नी थीं। घटना के वक्त वह पति के साथ घर से कुछ दूरी खेत में सब्जी तोड़ रही थी। इस दौरान हाथी ने दोनों पति-पत्नी पर हमला बोल दिया। पति सरयुग प्रसाद किसी तरह जान बचाकर वहां से निकल भागा। लेकिन शांति देवी को हाथी ने सूंड में लपेटकर कई बार जमीन पर पटका।

लोगों के शोर मचाने पर हाथी भाग गया। इस बीच परिजन उसे लेकर पावापुरी विम्स जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। डीएफओ संजीव रंजन ने जिलेवासियों से अपील की है वे हाथी से दूर रहें। वह अपने परिवार व साथियों से बिछड़ने से विचलित व परेशान है। लोगों के पत्थर फेंकने व शोर मचाने से वह और अधिक उत्तेजित हो रहा है। महिला की हत्या इसी उत्तेजना का परिणाम है। रेस्क्यू टीम उसे वापस झारखंड के जंगल में भेजने की तैयारी में जुटी है।

एक लाख की सहायता तुरंत मिली
नवादा वन प्रमंडल के डीएफओ संजीव रंजन द्वारा मृतका के पति सरयुग प्रसाद को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। वन विभाग के अधिकारियों द्वारा उक्त राशि का चेक मृतका के पति को सदर अस्पताल में दिया गया। डीएफओ ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा इस प्रकार के हादसे का शिकार होने की स्थिति में मृतक के परिजन को पांच लाख रुपये दिए जाते हैं। तात्कालिक तौर पर एक लाख दिए गए हैं। शेष चार लाख रुपये सरकार की मंजूरी के बाद परिजन को दे दिए जाएंगे।

साथियों से बिछड़कर भटक गया हाथी
गजराज मूलरूप से झारखंड का रहने वाला है। वह गिरिडीह के जंगलों में अपने 15 साथियों के साथ बरसों से रह रहा था। दो दिनों पूर्व वह उनसे बिछड़कर नवादा की सीमा में घुस आया। बुधवार को उसे रोह के समीप पहाड़ से उतरते हुए देखा गया। इसकी सूचना पर स्थानीय रेस्क्यू टीम द्वारा उसे वापस जंगल में भेजने की कोशिश शुरू कर दी गई। जानमाल के बचाव के लिए माइक से प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया गया। इसी कारणवश रोह में कोई घटना नहीं हुई।

रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार हाथी की ट्रैकिंग की गई। शाम तक वह रोह में था। गजराज वापस जाने की जगह रात के अंधेरे में घुसकर वह गायब हो गया। इस बीच वह भटककर वारिसलीगंज पहुंच गया और वहां एक महिला को मार डाला। वन विभाग की रेस्क्यू टीम के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे गजराज को शेखपुरा जिले की सीमा से दो किलोमीटर पहले काशीचक की सीमा में देखा गया है। वहां नवादा वन विभाग की रेस्क्यू टीम उसे लगातार ट्रैक कर रही है। हाथी पकड़ने व उसे सीमा में वापस भेजने में एक्सपर्ट पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। फिलहाल जमुई वन विभाग की रेस्क्यू टीम बुलाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *