महाराष्ट्र के बाद नरेंद्र मोदी की नजर बिहार पर लेकिन नीतीश और हम सफल नहीं होने देंगे: लालू यादव

ब्रेकिंग राजनीति

पटना

महाराष्ट्र में एनसीपी में टूट पर बिहार में सियासी वार-पलटवार शुरू हो गया है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा है कि महाराष्ट्र की घटना के बाद भाजपा की नजर बिहार पर लग गयी है। लेकिन, यहां उसकी दाल नहीं गलने वाली। एमपी तोड़ने की कोशिश हो रही है। बिहार में इन्हें हिलने-डुलने नहीं देंगे। बिहार से ही इनका सफाया शुरू होगा। बिहार तो उड़ती चिड़िया को हरदी लगाता है। हम सभी इकट्ठा होकर हर चुनौती का सामना सफलतापूर्वक कर सकते हैं। लालू ने कहा कि आज आरक्षण खत्म करने की साजिश हो रही है। राम-रहीम के बंदों को लड़ाने की साजिश हो रही है। भाई-भाई में नफरत फैलाने की कोशिश हो रही है। आज देश टूट रहा है, लोकतंत्र खतरे में है। नमो (नरेंद्र मोदी) चारों तरफ डाका डाल रहे हैं। पर, बिहार में हम उन्हें नेस्तनाबूत कर देंगे। लालू ज्ञान भवन में उदयकांत लिखित नीतीश कुमार की जीवनी का लोकार्पण करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

राजद सुप्रीमो कहा कि नीतीश कुमार ने दलितों-पिछड़ों को एक जुट करने में महती भूमिका निभाई है। मंडल आयोग लागू करने के बाद भी नीतीश कुमार वंचितों की आवाज बने रहे। बिलकुल साधारण घर से निकलकर नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी पहचान बनायी। राजनीति को नयी दिशा दी। आज वे प्रकाश पुंज की तरह हैं। लालू ने कहा कि नीतीश कुमार ने उन्हें राजनीतिक ताकत दी। कर्पूरी ठाकुर के बाद विधानसभा में विपक्ष के नेता को चुनने की बात आई। उस समय कई बड़े नेता अनूपलाल यादव, विनायक यादव व मुंशीलाल राय खुद ही नेता बनना चाहते थे, लेकिन नीतीश कुमार मेरे पक्ष में खड़ा हो गए। उनके समर्थन की बदौलत ही मैं विपक्ष का नेता बन सका।

वहीं वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि इस समय देश का जो माहौल है, उसमें नीतीश कुमार व लालू प्रसाद की बेहद जरूरत है। नीतीश कुमार का जीवन हर व्यक्ति के लिए प्रभावी है। सुव्यवस्थित जीवन शैली, समय प्रबंधन, संकल्पशक्ति उनके व्यक्तित्व को और खास बनाता है। उन्होंने कहा कि देश का इतिहास बदलने की कोशिश हो रही है। दरअसल, इतिहास वहीं बदलते हैं जिनका इतिहास में कोई योगदान नहीं होता। ऐसे लोग इतिहास को देखकर परेशान और विचलित हो जाते हैं।

भाजपा को जनता की ताकत पर भरोसा नहीं ललन सिंह
वहीं महाराष्ट्र में एनसीपी की टूट को लेकर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुंगेर सांसद ललन सिंह ने भाजपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का यही खेल होता है। वह जनता की ताकत पर भरोसा नहीं करती है। जोड़-तोड़ पर विश्वास करती है। पर जनता की ताकत पर सब दिन उनको झटका लगेगा। इस सवाल पर कि क्या बिहार में भी भाजपा इस तरह की कोशिश करेगी, ललन सिंह ने कहा कि बहुत कोशिश कर चुके हैं। भाजपा को सबदिन झटका ही लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *