बिहार पहुंचा मॉनसून पूर्णिया में अटका, अभी झेलने पड़ेंगे लू के थपेड़े, अगले 5 दिनों तक गर्मी से राहत नहीं

देश ब्रेकिंग

पटना

बिहार में मंगलवार को प्रवेश करने के साथ मानसून ही स्थिर हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक मानसून के आगे बढ़ने को लेकर स्थिति अनुकूल नहीं है। यह पूर्णिया व फारबिसगंज में अटक गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून को आगे बढ़ने में कारक हवा बंगाल की खाड़ी से आती है, जो अभी बंद है। उसका प्रवाह शुरू होते ही मानसून के कदम आगे बढ़ेंगे। हालांकि राज्य के उत्तरी भाग के कई जिलों में प्री-मानसून की बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी सहित राज्य के दक्षिण भाग के जिलों में उष्ण लहर यानी लू चलने की संभावना है।

प्री मानसून की हो रही बारिश
डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा के अनुसार मानसून को उत्तर बिहार को पूरा कवर करने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। कई जिलों में अभी हो रही बारिश प्री मानसून है। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बगहा, बेतिया, मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा आदि जिलों में कई जगहों पर आंधी चली और फुहारें पड़ीं।

इन जिलों में बारिश और लू का संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक प्री मानसून  की बारिश गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, हो सकती है। वहीं राजधानी पटना, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नालंदा, नवादा और शेखपुरा में लू चलने की संभावना बनी रहेगी।

सबसे गर्म रहा औरंगाबाद
राज्य में अगले 5 दिनों के दौरान सतही हवा की गति एक-दो स्थानों पर 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंके के साथ 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। इसके साथ अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बीते  24 घंटे के दौरान भोजपुर और औरंगाबाद में सबसे ज्यादा तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया।  पटना का 42.5 डिग्री, गया का 43.6 डिग्री, मोतिहारी का 42.8 डिग्री, शेखपुरा का 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *