पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल 12 जून को, इन 6 स्टेशनों पर भी होगा ठहराव

देश ब्रेकिंग

पटना

पटना से रांची के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन के इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली है। 12 जून यानी सोमवार को इस ट्रेन का ट्रायल रन तय हो गया है। ट्रायल रन के दौरान यह ट्रेन पटना से सुबह 6.55 बजे खुलेगी और दोपहर एक बजे रांची पहुंचेगी। पटना से रांची के बीच छह स्टेशनों जहानाबाद, गया, कोडरमा, बरकाकाना, हजारीबाग, मेसरा में ठहराव होगा। इनमें से गया और बरकाकाना पर ठहराव का समय निर्धारित है, शेष चार स्टेशनों पर ट्रेन ठहराव का समय तय किया जाना है।

रेलवे के अबतक तय समय सारणी के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस पटना से सुबह 6.55 बजे खुलकर 8.20 बजे गया पहुंचेगी। गया में इसका 10 मिनट का ठहराव होगा। सुबह 8.30 बजे गया से चलकर यह ट्रेन दोपहर 11.30 बजे बरकाकाना पहुंचेगी। इसके बाद रांची में वंदे भारत दोपहर डेढ़ बजे पहुंचेगी।

वापसी में रांची से पटना के लिए यह ट्रेन दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर खुलेगी। साढ़े तीन बजे यह बरकाकाना स्टेशन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद शाम 3.35 मिनट पर बरकाकाना से खुलकर रात 9 बजे गया पहुंचेगी। गया में वंदे भारत ट्रेन का 10 मिनट ठहराव होगा। शाम 7.10 बजे यह गया से चलकर रात 8.25 मिनट पर पटना पहुच जाएगी। कहा जा रहा है कि ट्रायल के लिए तय समय ही इसका आने-जाने का समय भी होगा, लेकिन यह ट्रायल रन के दौरान प्राप्त अनुभवों के आधार पर तय होगा। इसमें आंशिक बदलाव भी संभव है।

पूर्व मध्य रेलवे जोन में वंदे भारत के परिचालन से जुड़े शीर्ष अधिकारी ने विभागीय पत्र जारी कर दानापुर रेल मंडल को यह निर्देश दिए हैं कि ट्रायल रन के दौरान एक अनुभवी ट्रैक इंस्पेक्टर को फुट प्लेटिंग (इंजन में बैठकर एक विशेष प्रकार का निरीक्षण) के लिए तैनात करें। वह इस ट्रेन के ट्रायल रन के दैरान पटना से गया तक और वापसी में गया से पटना तक मिनट टू मिनट समय और बाकी निरीक्षण पर नजर रखें। ठीक इसी तरह का निर्देश धनबाद डिविजन को गया से रांची और रांची से गया तक के लिए दिया गया है।

पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
पटना-रांची वंदे भारत ट्रेन के स्पीड ट्रायल में तकनीकी समस्या नहीं आती है, तो जल्द ही इसका नियमित तौर पर परिचालन होगा। इसे लेकर रांची रेलमंडल में भी तैयारी शुरू कर दी गई है। ट्रायल सफल होने पर इसका भव्य उदघाटन समारोह होगा। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इस ट्रेन का उदघाटन राजेंद्र नगर पटना में होगा क्योंकि इसकी मेटनेंस की जिम्मेदारी भी पूर्व मध्य रेलवे को दी गई है।

नई लाइन पर 160 किमी की रफ्तार से दौड़ेगी वंदे भारत
बिहार और झारखंड के मध्य चलने वाली यह वंदे भारत ट्रेन हजारीबाग-बरकाकाना, सिंधवार-सांकी-टाटीसिलवे और रांची के बीच नवनिर्मित नई रेललाइन पर दौड़ेगी। पटना से रांची की दूरी इस ट्रेन में महज 6 से साढ़े 6 घंटे में पूरी होगी। इसमें आठ एसी चेयरकार की सुविधा होगी। इसके अलावा प्रत्येक कोच चार आपातकालीन पुश बटन के साथ जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली से युक्त होगा। यह ट्रेन अधिकतम 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *