शादी की खुशी में दूल्हे ने की हर्ष फायरिंग, मां की गोली लगने से मौत; बेटा गिरफ्तार

ब्रेकिंग क्राइम

आरा

भोजपुर जिले में हर्ष फायरिंग से दूल्हे की मां की मौत हो गई। पुलिस ने गोली चलाने वाले दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है। मामला संदेश थाना क्षेत्र के डिहरी गांव का है। मंगलवार की रात तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग में दूल्हे की बुजुर्ग मां को गोली लग गई। गोली उनके पेट में बीचों-बीच लगी। इसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। आरा स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है। जहां बुधवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

दूल्हे की मां को गोली लगने के बाद तिलक समारोह में अफरातफरी और सनसनी मच गई। तिलक चढ़ाने आए रिश्तेदारों सहित अन्य लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की अपने स्तर से छानबीन की। पुलिस की शुरुआती जांच में बेटे की ओर से ही हर्ष फायरिंग की बात सामने आई। उसमें उसकी मां को ही गोली लग गई। अब पुलिस ने दूल्हे बजरंगी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आयी है कि महिला के बेटे द्वारा ही अवैध हथियार से हर्ष फायरिंग की कोशिश की जा रही था। तभी अचानक ट्रिगर दब गया, जिससे गोली उसकी मां को लग गई।

आरा में जख्मी महिला का इलाज करने वाले सर्जन डॉ विकास सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला गोली से जख्मी हालत में लाई गई थी। उनके पेट में गोली लगी थी, जिस कारण खून काफी बह गया। महिला की स्थिति काफी नाजुक थी। लेकिन, उनका बीपी और पल्स स्थिर था। उनका ऑपरेशन करना था। हालांकि उनका कोई भी परिजन खून देने को तैयार नहीं था। इसे देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। बाद में पटना में इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *