अमृतसर से वैष्णो देवी जा रही बस खाई में गिरी, बिहार के 10 की मौत; सीएम नीतीश ने जताया दुख

क्राइम ब्रेकिंग

पटना

जम्मू कश्मीर में एक भीषण सड़क हादसे में बिहार के 10 लोगों की मौत हो गई। हालांकि जम्मू प्रशासन की ओर से अभी तक 8 मौत की पुष्टि की गई है। बस अमृतसर से कटरा जा रही थी। जम्मू में  नेशनल हाइवे पर झज्जर कोटली के पास यह बस एक पुल के नीचे खाई में गिर गई। गहरी खाई में गिरने से बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई।  बताया जा रहा है कि 56 लोग घायल हैं जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।  हालांकि, अधिकांश लोग मामूली रूप से जख्मी हैं। पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। जम्मू प्रशासन और सीआरपीएफ की टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

बताया जा रहा है कि मरने वाले बिहार के लखीसराय के हैं।  बच्चे के मुंडन के लिए सभी लोग वैष्णो देवी के दरबार में जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया।  बताया गया है कि बस ओवरलोड थी।  हादसे के कारणों की जानकारी ली जा रही है। जम्मू प्रशासन ने बताया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।  लेकिन एहतियातन पुलिस और प्रशासन की टीम को मौके पर लगाया गया है। सभी घायलों का इलाज अच्छे से कराया जा रहा है। मृतकों के शव पंचनामे के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

लखीसराय के सूर्यगढ़ा के दिहरी से एक परिवार बच्चों का मुंडन कराने वैष्णो देवी गया था। इसी दौरान अमृतसर से कटरा जाने के दौरान बस खाई में गिर गयी और 10 लोगों के मौत होने की जानकारी मिल रही है। अभी तक की जानकारी है कि सात लोग एक ही परिवार से दिहरी गांव के हैं। दो उनके रिश्तेदार पिपरिया गांव के बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जम्मू कश्मीर के नेशनल हाइवे, झज्जर कोटली के पास बस के खाई में गिरने से हुये हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है । मुख्यमंत्री ने हादसे में बिहार के लोगों की मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।  इस दुर्घटना में बिहार के रहने वाले मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रूपये अनुग्रह अनुदान मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की है।

साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि कश्मीर सरकार जम्मू आवश्यक समन्वय स्थापित कर हादसे में घायल लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था एवं हरसंभव सहायता सुनिश्चित करें।

हादसे के कारण को लेकर अभी तक ठोस जानकारी नहीं मिली है पर बताया जा रहा है कि ब्रेक  फेल होने की वजह से यह भीषण हादसा हआ। प्रारंभिक जांच के बाद कहा गया है कि पहाड़ी इलाके में ढलान पर बस की स्पीड बढ़ गई। ड्राइवर ने जोरदार ब्रेक लगाया तो ब्रेक फेल हो गई। बस बेकाबू होकर पहले रोड के डिवाइडर से टकराई और उसके बाद गहरे खाई में गिर गई।

घटना के बारे में जम्मू के डीसी अवनी लवासा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि  हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए और घायलों में शामिल अन्य लोगों को हल्की चोट आई । जो लोग ज्यादा  घायल हो गए उन लोगों को जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है। अन्य घायलों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।

CRPF की मदद से स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन में चलाया।  अधिकारी अशोक चौधरी ने भी घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमें सुबह दुर्घटना की जानकारी दी गई। तुरंत हमारी टीम तैयार होकर घटनास्थल पर पहुंच गई। यहां पहुंचकर टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। पुलिस की टीम भी हमारे साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बताया जा रहा है कि बस में बिहार के लोग थे, जो कटरा जा रहे थे।  दुर्घटना के जख्मी लोगों को तेजी से अस्पताल पहुंचाया है। फिर शवों को प्रशासन की मदद बाहर निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *