अररिया में मां ने कराई बेटे की हत्या, मृतक की गर्भवती पत्नी ने खोला राज; पुलिस भी हैरान

क्राइम ब्रेकिंग

अररिया

रिश्ते को कलंकित करने व संवेदना को झकझोरने वाली एक बड़ी खबर अररिया जिले के फारबिसगंज से आई है। फारबिसगंज थाना क्षेत्र के मटियारी की रहने वाली एक मां ने बेटे का अपहरण करवाने के बाद उसकी हत्या करवा दी। मृतक सुमन यादव की पत्नी रुपा देवी ने अपनी सास सहित छह लोगों के खिलाफ फारबिसगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी मां रेणु देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मृतक की मां को पूछताछ के लिए बुधवार की शाम में ही हिरासत में लिया था। मृतक सुमन मटियारी निवासी स्व परमेश्वरी यादव का बेटा था। गुरुवार की सुबह अररिया स्थित चंदा चौक नहर के समीप से पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया।

बताया गया कि मृतक की पत्नी रुपा ने चार दिन पहले ही इस संबंध में फारबिगंज थाना आवेदन दिया था। आवदेन के मुताबिक मृतक की मां ने पांच लोगों को अपने घर में बुलाया था। सभी लोग कार से पहुंचे थे। घर में नाश्ता और शराब पी। उसके बाद बाद रेणु देवी ने अपने बेटे सुमन को उन लोगों के हवाले कर दिया। जिसके बाद से ही रुपा को अपने पति के साथ किसी अप्रिय घटना होने की आशंका जतायी थी।

मृतक की पत्नी ने अपने सास के अलावा नरपतगंज थाना क्षेत्र के दरगाहीगंज निवासी शीतल यादव के दो पुत्र प्रमुख यादव व धनंजय यादव, भाग कोहलिया के विजय भगत के पुत्र दिनकर भगत, खैरा चंदा के जगदीश यादव के पुत्र संजय यादव और मटियारी के चौहान टोला के मंत्री चौहान का पुत्र संतोष चौहान को आरोपी बनाया है।

थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने भी कहा कि एक मां द्वारा अपने बेटे का अपहरण व हत्या करवाने का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी मां को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपहरण के धारा में मामला दर्ज किया गया था। अब यह हत्या में तब्दील हो गई है। फरार पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

दो साल पूर्व हुई थी शादी, मृतक की पत्नी गर्भवती:
मृतक सुमन की पत्नी रूपा देवी नरपतगंज के बड़हरा निवासी लखन यादव की बेटी है। वर्ष 2021 के फरवरी में उसकी शादी बगल के ही दरगाहीगंज निवासी सुमन यादव से हुई थी। मगर सुमन के पिताजी द्वारा मटियारी में घर बनाने के बाद सभी यहीं रहने लगे थे। मृतक की पत्नी 6 माह की गर्भवती है। रोती-बिलखती रूपा कहती हैं कि दुनिया में आने से पहले ही उसके बच्चे का भविष्य अंधकार में हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *