सिविल कोर्ट के अपर दंडाधिकारी पर हमला मामले में उलझे सदस्य

क्राइम ब्रेकिंग

पटना

विधान परिषद में गुरुवार को भाजपा के दिलीप कुमार जायसवाल ने सासाराम में सिविल कोर्ट के अपर दंडाधिकारी पर हुए हमले के मामले पर बोलने लगे और कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गयी है। इस पर जदयू के नीरज कुमार ने आपत्ति जतायी और कहा कि आधी बात छिपा ली गयी है, दो अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी भी हुई है। इस पर सत्ता व विपक्ष के सदस्य उलझने लगे।

विपक्षी सदस्यों ने कहा कि बिहार इसी बात से शर्मसार हो रहा है, अपराध हो लेकिन हम गिरफ्तार करते रहेंगे, ये कोई बात हुई। तब, पुन: नीरज कुमार ने कहा कि कश्मीर में धारा 370 खत्म हो गया, कानून का राज आने की बात कही गयी, तब फिर वहां बिहार के दो मजदूरों की हत्या कैसे हो गयी। विपक्षी सदस्यों ने कहा कि जब से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने हैं, तब से एक-दो घटना को छोड़कर कोई बड़ी आतंकी घटना कश्मीर में नहीं हुई है। देवेश कुमार ने कहा कि महत्वपूर्ण यह नहीं कि अपराधी पकड़े जाएंगे, समाज के महत्वपूर्ण व्यक्तियों पर हमला होना दुखद है। प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि अमेरिका जैसे विकसित देश में अमेरिकी राष्ट्रपति पर हमला हुआ था, सब को मालूम ही होगा। दुनिया में आपराधिक घटनाएं होती हैं, आप धर्म मानते हैं, तब बताईए भगवान की हत्या कैसे हो गयी। घटनाओं को जीरो करना असंभव है। इस पर पुन: विपक्ष की ओर से शोर बढ़ गया, देवेश कुमार ने कहा कि ये क्या बात हुई, अमेरिका में घटनाएं होंगी तो यहां भी होगी। इस पर विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा-महत्वपूर्ण है कि घटनाएं नियंत्रित होती हैं या नहीं। इसके बाद सभापति ने प्रश्नोत्तर काल शुरू कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *