RJD और जेडीयू में तकरार पर RCP ने कसा तंज, लालू-तेजस्वी की शह से नीतीश पर गरज रहे राजद नेता

राजनीति ब्रेकिंग

नालंदा

पूर्व केंद्रीय मंत्री और जदयू छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेता आरसीपी सिंह ने कहा है कि महागठबंधन की सरकार बिहार में अंतिम सांस ले रही है। आरजेडी जेडीयू के बीच घमासान मचा हुआ है। नीतीश कुमार का काम में मन नहीं लगता है और दोनों दलों के नेता अपने आकाओं के शह पर आपस में विरोधी बयान बाजी कर रहे हैं। आरसीपी सिंह ने राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह के द्वारा नीतीश कुमार के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणी का इशारा किया। शिक्षा मंत्री और केके पाठक के बीच उत्पन्न विवाद से दोनों दलों के विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं।

 केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 साल पूरे भारतीय जनता पार्टी की ओर से देश भर में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।  इसी के तहत आरसीपी रविवार को नालंदा के पावापुरी पहुंचे। पावापुरी जल मंदिर के पास आयोजित सम्मेलन में आरसीपी सिंह ने भाग लिया। इसी दौरान  नीतीश कुमार को करीब से देख चुके आरसीपी सिंह ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा बाहर ही रहते हैं क्योंकि उनका काम में मन नहीं लगता है।  इसकी वजह यह है कि राजद और जदयू में घमासान मचा है। बिहार की सरकार अंतिम सांस गिन रही है। किसी भी समय सरकार जा सकती है क्योंकि दोनों दलों के बीच आपस में जबरदस्त खींचतान हैं।
उन्होंने नीतीश कुमार पर बीजेपी से विश्वासघात करने का आरोप लगाया। कहा कि पहले 127 विधायकों के साथ सरकार चल रही थी तो क्या हाल था वह सब को याद होगा। आज 160 विधायकों के बल पर नीतीश जी सरकार चला रहे हैं। लेकिन, उनकी परेशानी बहुत  बढ़ी हुई है। मुख्यमंत्री पर जनादेश का अपमान करने और राजनीतिक नैतिकता के खिलाफ जाकर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पीएम है जिसका मतलब प्रधानमंत्री नहीं, पलटी मार होता है।
रामचंद्र प्रसाद सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि राजद और जदयू के कार्यकर्ता कभी एक नहीं हो सकते।  क्योंकि दोनों के अप्रोच में अंतर है। आज नीतीश कुमार आरजेडी कार्यकर्ताओं के निशाने पर हैं। उन्होंने राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह के बयान की ओर इशारा किया और कहा कि यह सब पर्सनल लेवल पर नहीं बोला जा रहा है बल्कि लालू और तेजस्वी के इशारे पर एमएलसी नीतीश जी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आग उगल रहे हैं।  बताते चलें कि इन दिनों अपने फेसबुक पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आरजेडी के एमएलसी सुनील कुमार सिंह बड़ी-बड़ी बातें लिख रहे हैं। माना जाता है कि सुनील कुमार लालू फैमिली के काफी करीबी हैं।
शनिवार को राजगीर के मलमास मेले में निरीक्षण करने जब नीतीश कुमार पहुंचे तो वहां लगाए गए बैनर और पोस्टर में कहीं भी तेजस्वी यादव की तस्वीर नहीं दिखी। केवल नीतीश कुमार ही पोस्टर में छाए रहे जबकि मेला का आयोजन पयर्टन विभाग द्वारा किया जा रहा है जिसके मंत्री तेजस्वी यादव हैं। आरसीपी ने इस पर भी तंज कसा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *