2024 के बाद बीजेपी मुक्त होगा भारत, ललन सिंह का दावा, संजय झा बोले- नीतीश की विपक्षी एकता को मिल रहा समर्थन

ब्रेकिंग राजनीति

पटना

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने बुधवार को दावा करते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव बाद भाजपा मुक्त भारत बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ आज पूरे देश में आक्रोश है। केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों के कारण जनता महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भूखमरी की मार झेल रही है। वहीं सूबे के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विपक्षी एकता की मुहिम को देशभर में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

बता दें कि आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रांची में झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान सूबे के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और मंत्री संजय झा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी एकता की मुहिम के तहत गुरुवार को मुंबई जाएंगे और वहां शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे तथा एनसीपी प्रमुख शरद पवार से मिलेंगे। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और विधान परिषद के सभापति देवेशचंद्र ठाकर भी मुंबई जाएंगे।
पटना में जेडीयू ऑफिस में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान ललन सिंह ने दावा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजनीतिक कार्यों में सरकार का एक पैसा भी खर्च नहीं करते हैं। भाजपा सांसद सुशील मोदी पर निशाना साधते हुए ललन सिंह ने कहा कि वह अब-तक छात्र नेता से ऊपर नहीं उठ पाये हैं।उन्हें पब्लिसिटी हथियाने की आदत है लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि नीतीश कुमार सरकारी खर्चे पर राजनीतिक मकसद से कहीं नहीं जा रहे हैं। वहीं बिहार सरकार में मंत्री संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विपक्षी एकता की मुहिम की सराहना की जा रही है। ओडिशा में भी नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की। संजय झा ने कहा कि राजनीतिक नेताओं के बीच जो कुछ भी होता है, उसे समय से पहले मीडिया के साथ साझा नहीं किया जा सकता है, क्योंकि जब वे मिलते हैं, तो बहुत सी चीजों पर चर्चा की जाती है। नीतीश कुमार और नवीन पटनायक एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं।
बिहार में विपक्षी पार्टियों की होने वाली बैठक के लिए प्रस्तावित तारीख को लेकर संजय झा ने कहा कि अन्य नेताओं के साथ चर्चा करने के बाद फैसला किया जाएगा। 13 मई को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ​​ललन सिंह कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के लिए दरभंगा जाएंगे। मेरी जानकारी में फिलहाल विपक्ष की बैठक की कोई निश्चित तारीख नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार जहां भी जा रहे हैं, वहां से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और हर कोई 2024 लोकसभा चुनाव को एकजुट होकर लड़ने के लिए एक मंच पर आना चाहता है। नीतीश कुमार बस यही चाहते हैं और यह आकार लेता दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *