विरोधियों पर बरसे तेजस्वी, कहा-बिहार के कुछ लोग बिहार को कर रहे बदनाम; बिहारी गौरव को झुकने नहीं देंगे

ब्रेकिंग राजनीति

पटना

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार की उपेक्षा करके देश का विकास संभव नहीं है। बगैर बिहार के देश आगे नहीं बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि कम संसाधन के बावजूद बिहार हर सेक्टर में आगे बढ़ रहा है। पटना के गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने यह बात कही। विरोधियों पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार के ही कुछ लोग बिहार को बदनाम कर रहे हैं। लेकिन हम लोग उनकी साजिश सफल नहीं होने देंगे, बिहारी गौरव को झुकने नहीं देंगे। .

तेजस्वी ने कहा कि बिहार के लोगों की एकजुटता से ही ऐसा संभव हो पाएगा। बिहार के सुनहरे  भविष्य के लिए सबको  मिलकर काम करना होगा। तेजस्वी ने यह भी कहा कि युवाओं को नौकरी देने का वायदा हर हाल में निभायेंगे। नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार देश का सबसे तेजी से बढ़ता राज्य है। आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बिहार सबसे तेजी से बढ़ रहा है। आन्ध्र प्रदेश और राजस्थान के बाद बिहार सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी रफ़्तार हमें शीर्ष पर ले जाएगी।

बिहार की तरक्की के लिए एकसाथ मिलकर काम करें: नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को विशेष दर्जा देने की मांग केंद्र सरकार से की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अपने बलबूते तेजी से विकास कर रहा है। अगर, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाए तो यह काफी प्रगति करेगा। यह हमलोगों की पुरानी मांग है। उन्होंने यह भी कहा कि हर पार्टी के लोग यहां मौजूद है, सब लोग अपना अपना काम करें पर एक साथ मिलकर बिहार की तरक्की के लिए काम करें और सोचे। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा और कहा कि वहां काम कुछ नहीं होता है, सिर्फ चर्चा होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *