समस्तीपुर में महिला की हत्या, होली पर बेटे ने गोबर व कीचड़ फेंका, मां को मार दी गोली; बाल-बाल बची पिता की जान

ब्रेकिंग क्राइम

समस्तीपुर

समस्तीपुर जिले के बिथान थाना के पुसहो गांव में होली के दौरान बच्चे द्वारा रंग व मिट्टी लगाए जाने से नाराज व्यक्ति ने गोली मारकर बच्चे की मां की हत्या कर दी। वहीं महिला का पति बाल-बाल बच गया। घटना बुधवार रात करीब 10.30 बजे की है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद घटना की छानबीन में जुट गयी है। मृतका पुसहो गांव के संजय यादव की पत्नी रेखा देवी (38) थी।

संजय यादव ने बताया कि होली को लेकर बुधवार को 10 बजे दिन में उसका 15 वर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार अपने अन्य साथियों के साथ मिट्टी व गोबर से होली खेल रहा था। इसी क्रम में गांव के ही श्याम यादव को उसने गोबर व मिट्टी लगा दी। इसको लेकर अनिकेत और श्याम यादव में झगड़ा हुआ। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत करा दिया। इसके बाद बाद श्याम यादव ने अनिकेत कुमार के विरुद्ध बिथान थाने में गली-गलौज व मारपीट से संबंधित आवेदन थानाध्यक्ष दिल कुमार भारती को दिया। बुधवार रात करीब 10.30 बजे श्याम संजय के घर पहुंचा। उस समय घर के लोग सो रहे थे।

श्याम ने संजय नाम लेकर दरवाजे पर धक्का देकर खोलने को कहा। उसने दिन में लड़के से विवाद का हवाला देकर कहा कि वह विवाद के बारे में बात करने आया है। इस पर संजय दरवाजा खोलकर बाहर निकला। इसके बाद दोनों में पहले कहासुनी व गाली गलौज हुई। उसके बाद श्याम ने लोड देसी कट्टा निकालकर संजय के मुंह में डाल कर गोली चलाने का प्रयास किया। इसे देखने के बाद पत्नी रेखा देवी बचाने के लिए पहुंची। संजय ने किसी तरह मुंह से कट्टा बाहर निकाला। इससे उसके दो दांत भी टूट गये। तभी गोली भी गयी, जो रेखा देवी की दायीं आंख में लग गई। लोग गंभीर रूप से जख्मी रेखा देवी को इलाज के लिए बेगूसराय ले जाने की तैयारी में जुटे, तभी उसने दम तोड़ दिया। गोली मारने वाला श्याम अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही बिथान पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। मामले में संजय यादव ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पुत्र के विरुद्ध थाने में आवेदन बुधवार को दिन में ही दिया गया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ससमय घटनास्थल पर पहुंच कार्रवाई करती तो यह घटना नहीं होती। इधर, थानाध्यक्ष दिल कुमार भारती ने बताया कि बुधवार को पुलिस ने पुसहो गांव पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया था। मृतका के पति ने मामले में आवेदन दिया है। इसमें श्याम यादव पर पत्नी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *