मानसून की सुस्त पड़ी चाल, लू की मार से झुलस रहा बिहार; IMD ने बताया- कब होगी बारिश

ब्रेकिंग देश

पटना

मानसून की सुस्त चाल से अब बिहार में इसके आगमन में देरी होगी। अब मानसून की दस्तक 18 जून तक होने के आसार हैं। बिहार में आगमन की मानक तिथि 13 जून रही है। मानसून अब तक केरल तट पर ही नहीं पहुंचा है। नतीजतन राज्य में बारिश की गतिविधियां नहीं होने से गर्मी में वृद्धि होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि जून के तीसरे हफ्ते तक इसके बिहार में आगमन के आसार हैं। मौजूदा परिस्थितियां इस ओर इशारा कर रही हैं कि मानसून की दस्तक 18 जून तक हो सकती हैं। सूबे में प्री मानसून गतिविधियां इस बार बेहद कम रहीं। मार्च से मई तक मानसून पूर्व बारिश का आंकड़ा सामान्य से 13 प्रतिशत कम रहा।

इस कारण मार्च से मई तक गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया। भले बिहार में मानसून की दस्तक जून मध्य में होती है, पर मौसम विभाग बारिश की गणना एक जून से ही शुरू कर देता है। इस लिहाज से बीते तीन दिनों में सूबे में बारिश की स्थिति नगण्य रही है। उस पर जून में इस समय सूर्य के उत्तरायण होने से गर्मी ज्यादा पड़ती है।

पटना में चार साल की गर्मी का रिकॉर्ड टूटा

पटना में जून में अधिकतम तापमान का चार साल रिकॉर्ड टूट गया है। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के बीच जून 2022 में पटना का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री, 2021 में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और 2020 में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.9 दर्ज किया गया था।

पटना का सर्वाधिक अधिकतम तापमान वर्ष 2019 में 15 जून को 45.8 डिग्री पर पहुंच गया था। इस बार जून के आरंभिक दिनों में ही तापमान के इस उच्च स्तर पर पहुंचने से लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ रही है।

एसी और शीतल पेय के सहारे लोग

प्रचंड गर्मी से लोगों की दिनचर्या बदल गई है। पार्कों में मॉर्निंग वॉकरों की कमी देखी जा रही है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा रह रहा है। राजधानी के बाजार भी प्रभावित हुए हैं। शाम छह बजे के बाद तक लू चल रही है। रात में भी गर्म हवाओं का प्रभाव बना रह रहा है। लोग एसी और शीतल पेय के सहारे दोपहरी काट रहे हैं।

अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक

बारिश न होने की स्थिति में दो-चार दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। अभी सूबे में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक है। पछुआ का प्रभाव होने और सामान्य से पारा ऊपर होने के बावजूद मौसम विभाग की ओर से पटना में लू की घोषणा नहीं की गई है। अब अधिकतम पारा 0.5 डिग्री भी ऊपर चढ़ा तो आधिकारिक हीट वेव की घोषणा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *