आज देश में अघोषित आपातकाल लागू, संविधान से छेड़छाड़; केंद्र पर बरसे तेजस्वी

ब्रेकिंग राजनीति

पटना

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा है कि आज देश में अघोषित आपातकाल लागू है। लोकतंत्र का माखौल उड़ाया जा रहा है। संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक आदि राज्यों में क्या हुआ, सबने देखा है। वे राजद दफ्तर में पूर्व आईपीएस अधिकारी के मिलन समारोह के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक गरीबी मिटाने का वायदा किया गया था। किसानों की आय दोगुना करने का संकल्प व्यक्त किया गया, सबको पक्का मकान देने का भरोसा दिलाया गया। लोगों को महंगाई कम करने और प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौजवानों को सरकारी नौकरी दोने का सपना दिखाया गया। इसमें एक भी वायदे पूरे नहीं हुए।

तेजस्वी ने कहा कि देश में हालात सुधरने की बजाए और बिगड़ता जा रहा है। विपक्ष को जबरन दबाया जा रहा है। उनके वायदों पर सवाल पूछने या विरोध करने पर केन्द्रीय एजेंसियों को विपक्ष के पीछे लगा दिया जाता है। उन्हें हर तरह से परेशान करने की कोशिश की जाती है। रेल, सेल, पोर्ट, एयरपोर्ट को बेचा जा रहा है। बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ का नारा देने वाले के राज्य में महिला पहलवान जब न्याय की मांग कर रही है तो उसपर दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

सूबे के डिप्टी सीएम ने कहा कि हम बिहार में विकास की गति को बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। बिहार में सात दलों का गठबंधन है, अब हम राष्ट्रीय स्तर पर सभी को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। आज संविधान और लोकतंत्र को बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *