20 लाख दो नहीं तो… व्यापारी ने सुबह पुलिस से शिकायत की, शाम में बदमाशों ने गोली मार दी

Uncategorized

बेतिया

पश्चिमी चंपारण जिले में बेखौफ बदमाशों ने दो महीने बाद एक बार फिर से गोलीबारी कर नरकटियागंज शहर में दहशत फैला दी। 11 फरवरी की सुबह नगर के कपड़ा व्यवसाई विकास चन्द्र गोयल के बेटे किशन कुमार(22) ने शिकारपुर थाने में पिता के मोबाइल पर रंगदारी में 20 लाख रुपये मांगे जाने की शिकायत की  और रात में बदमाशों ने उसके पैर में गोली मारकर दहशत फैला दी। बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए आराम से फरार भी हो गए। शिकारपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

थानाध्यक्ष रामश्रय यादव ने बताया कि जिस मोबाइल से रंगदारी मांगी गई है। नंबर से बदमाशों की पहचान की जा रही है। आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। शीघ्र ही वारदात में संलिप्त बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। एफआईआर में व्यापारी किशन कुमार ने बताया कि बीते 10 फरवरी को दोपहर 2:40 बजे उसके पिता के मोबाइल  पर फोन कर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रंगदारी मांगने वाले ने कहा कि दो दिन में 20 लाख रूपये दो, नहीं तो जो हाल राजेश श्रीवास्तव का हुआ था ,वही हाल तुम्हारे पिता का भी होगा। घटना के बाद व्यापारी का परिवार दहशत में आ गया। मगर किशन हिम्मत जुटाकर पुलिस के पास गया।

सुबह में पुलिस से शिकायत, रात्रि में गोलीबारी

11 फरवरी की सुबह कारोबारी किशन कुमार ने शिकारपुर थाने में रंगदारी की शिकायत की। इसके बाद रात में उस पर गोली चल गई। कपड़ा व्यवसायी के परिजन ने पुलिस पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। किशन के चाचा विवेक गोयल ने बताया कि सुबह में ही किशन ने शिकारपुर थाने में शिकायत की। अगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया होता तो उस पर रात में गोलीबारी नहीं होती। उन्होंने बताया कि फोन करने वाले ने यह भी धमकी दी थी कि अगर पुलिस के पास जाओगे तो नतीजे गंभीर होंगे।

गोलीबारी की घटना के बाद शिकारपुर पुलिस ने मौके से 9 एमएम पिस्टल का एक खोखा बरामद किया है। घटना में दो राउंड फायरिंग की बात बताई जा रही है। हालांकि पुलिस को घटना स्थल से एक ही खोखा मिला है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से व्यवसायी पुत्र के पैर में गोली मारी और फायरिंग कर फरार हो गए। बदमाशों को भागते हुए भी लोगों ने देखा। मगर किसी ने उन्हें पकड़ने की कोशिश नहीं की।

दो महीने बाद फिर से गोलीबारी से थर्राया नरकटियागंज

बीते दो दिसंबर को नरकटियागंज के प्रोपर्टी डीलर राजेश श्रीवास्तव हत्याकांड के बाद बदमाशों ने एक बार फिर गोलीबारी कर शहर में दहशत फैला दी है। नगर के चिकपट्टी रोड में घटी घटना के बाद नगर के व्यवसाइयों में भय का माहौल है। बदमाश इस बार भी शादी ब्याह के समय को चुना और घटना अंजाम देने में कामयाब रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *