दूध बेचकर घर लौट रहा था युवक, घात लगाए बदमाशों ने गोली मार कर ली जान

खगड़िया
खगड़िया में बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। जिले के गंगौर थानान्तर्गत बेला सिमरी गांव के पास गोली मारकर एक दूध व्यवसायी को गोली मारी गई। मृतक सीमावर्ती बेगूसराय जिले के परिहारा थानान्तर्गत चमराही गांव निवासी अजय महतो का 35 वर्षीय पुत्र उदय कुमार बताया जा रहा है।
घटना सोमवार देर रात की है। मिली जानकारी के अनुसार दूध वितरण कर वह देर रात बाइक से चमराही गांव स्थित अपने घर लौट रहा था। रास्ते में घात लगाए बदमाशों ने कई चक्र गोलियां चलायी। जिसमे दो गोली उसके शरीर में तथा एक गोली उसकी बाइक में लगी। देर रात ही दूध वितरण कर अपने घर लौट रहे दूसरे दूध व्यवसायी ने सड़क पर खून से लथपथ देख घटना की सूचना उसके परिजनों को दी।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मंगलवार की सुबह कागजी प्रक्रिया पूरी कर गंगौर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। इधर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। इस घटना में जो भी बदमाश दोषी होंगे उसे शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।