पत्नी गई मायके तो पति बंद हुआ घर में, दूसरे दिन निकली लाश, हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस

मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव में घरेलू झगड़े के बाद पत्नी के मायके चले जाने पर पति कमरे में खुद को बंद कर लिया। दूसरे दिन रविवार को उसका शव दरवाजा तोड़कर निकला गया। मृतक की पहचान गांव के विंदेश्वर साह (45) के रूप में हुई है। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जतायी है।
परिवार की ओर से देर शाम तक कोई सामने नहीं आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। विंदेश्वर साह अंडा, भुजा की दुकान ठेला पर लगाता था। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। अभी आत्महत्या मानकर पुलिस छानबीन कर रही है। परिजन के आवेदन पर मामला दर्ज किया जाएगा।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को लोगों ने बताया कि शनिवार को विंदेश्वर साह और उसकी पत्नी में घरेलू विवाद को लेकर लड़ाई हुई थी। इसके बाद उसकी पत्नी अपने चार बच्चों संग सकरा स्थित मायके चली गई। इसके बाद विंदेश्वर साह अपने घर में खुद को कैद कर लिया। अगले दिन रविवार दोपहर तक घर से नहीं निकलने पर आस-पड़ोस के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसकी सूचना सरपंच को दी गई।
सरपंच विजय साह ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर दरवाजा तोड़ा गया तो घर में विंदेश्वर साह का शव मुंह के बल जमीन पर गिरा पड़ा था। कमरे में सीलिंग फैन चल रहा था और फैन से एक लंबा गमछा लटक रहा था। आशंका है कि इसी से उसने फंदा लगाया होगा। लेकिन जमीन पर शव पड़े होने को लेकर कई आशंकाएं जतायी जा रही थी।