समस्तीपुरः खड़ी स्कॉर्पियो से ड्राइवर का शव बरामद, लाश के साथ मिले ये हथियार, लोगों ने किया हंगामा

समस्तीपुर
समस्तीपुर में एक स्कॉर्पियो में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नगर थाना क्षेत्र स्थित शहर के मवेशी अस्पताल के सामने समस्तीपुर दरभंगा मुख्य मार्ग पर यह स्कॉर्पियो खड़ी थी। सोमवार रात बंद स्कॉर्पियो से एक युवक का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। गाड़ी से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
सूचना पर पहुंची नगर पुलिस ने स्कॉर्पियो से पिस्टल व गोली भी बरामद की। मृतक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के चौसीमा गांव के 35 वर्षीय मो. जाहिद के रूप में हुई है। वाहन में शव के साथ एक देसी कट्टा, एक पिस्टल व कारतूस था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
भाड़ा लेकर बेगूसराय गया था मृतक
सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि जाहिद वाहन चालक का काम करता था। सोमवार सुबह आठ बजे लक्की नाम के एक युवक के साथ वाहन भाड़ा कर बेगूसराय के लिए निकला था। दोपहर बाद उसका मोबाइल स्वीच ऑफ आने लगा। देर शाम तक जब बात नहीं हुई तो मुसरीघरारी पुलिस से इसकी शिकायत की। खोजबीन के दौरान रात में मोहनपुर रोड में उक्त वाहन का ट्रेस मिला।
हंगामा और जाम
इघर, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। मवेशी अस्पताल के पास मोहनपुर रोड को जाम कर दिया गया। पुलिस ने बड़ी मशक्कत से लोगों को समझा कर जाम हटाया। पुलिस परिजनों से जानकारी लेकर कांड का उद्भेदन करने की बात कह रही है।