Khagaria murder: खगड़िया में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हत्या, शराब के नशे में धुत बदमाश ने किशोर के कनपटी में सटाकर मारी गोली

खगड़िया
बिहार के खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र के रोहियार गांव में प्रतिमा विसर्जन के दौरान रविवार को गोली मारकर 15 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई। मृतक रोहियार गांव निवासी शंकर यादव का पुत्र संस्कार यादव बताया जा रहा है।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि रविवार को रोहियार गांव में मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था। डीजे की धून पर लोग नाच रहे थे। वहीं कुछ लोग शराब के नशे में थे, जिसमें रोहियार गांव के ही कुछ हथियारबंद बदमाश भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान रंजन यादव ने फायरिंग कर दी। कुछ लोगों का कहना है कि आरोपी रंजन यादव ने संस्कार कुमार को कनपटी में सटाकर गोली मार दी। गोली आर-पार हो गई। इस घटना में संस्कार बुरी तरह से घायल हो गए। इसके बाद सभी बदमाश भाग गया।
घटना के बाद काफी संख्या में लोग जुट गए। घायल अवस्था में संस्कार को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ धर्मेन्द्र कुमार, सदर एसडीपीओ सुमित कुमार, चौथम सीओ भरत भूषण सिंह, मानसी थानाध्यक्ष नीलेश कुमार आदि भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सदर एसडीपीओ ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जल्द हत्यारे की गिरफ्तारी होगी।