11 सिविल सर्जन के साथ 323 डॉक्टरों का एक साथ तबादला, डॉ कमल किशोर बने पटना के नये सीएस

पटना
बिहार के स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर ट्रांसफर किया गया है। राज्य में एक साथ 334 डॉक्टरों और पदाधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है जिसमें 11 सिविल सर्जन शामिल हैं। पटना के सिविल सर्जन को भी बदल दिया गया है। पटना की सिविल सर्जन रहीं डॉ विभा कुमारी को क्षेत्रीय अपर निदेशक, पटना प्रमंडल बनाया गया है। उनके स्थान पर डॉ कमल किशोर राय पटना के नये सिविल सर्जन बनाए गए हैं। सभी डॉक्टरों को तत्काल नये स्थान पर ज्वाइन करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग में जून और दिसम्बर माह में तबादला किया जाता है। जून के अंतिम दिन रात को इन डॉक्टरों का मास ट्रांसफर किया गया है।
यहां नये सिविल सर्जन
स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके मुताबिक जहानाबाद के सीएस डॉ इंद्रजीत प्रसाद, सुपौल के सीएस डॉ मिहिर कुमार वर्मा, मुंगेर से सीएस डॉ प्राण मोहन, रोहतास के सीए डॉ कामेश्वर तिवारी, और वैशाली से सिविल सर्जन डॉ अमरेन्द्र नारायण शाही को बनाया गया है।
डॉक्टरों को नये स्थान पर तुरंत योगदान का निर्देश
ट्रांसफर किए गए डॉक्टरों को राज्य के अलग अलग भागों में तैनात किया गया है। विभाग की ओर से निर्देश जारी किया गया है कि वे तुरंत अपने अपने नए स्थानों पर योगदान देकर सेवा शुरू कर दें। ट्रांसफर लिस्ट में आंख के डॉक्टर, बेहोशी के डॉक्टर, चर्मरोग विशेषज्ञ भी शामिल हैं। यह भी बताया जा रहा है कि अभी और भी ट्रांसफर किये जाएंगे। तीन साल से एक स्थान पर जमे डॉक्टरों को हटाया जाएगा। उनकी सूची तैयार कर ली गई है।कई डॉक्टरों को पीएसची और अनुमंडल अस्पतालों में तैनात किया गया है।