नई दिल्ली:
इस बार अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान फिल्म महोत्सव में 60 देशों से 634 विज्ञान आधारित फिल्मों की प्रविष्टियां आयी हैं, जिनमें से 200 से अधिक फिल्में ऑनलाइन दिखायी जायेंगी।
इस फिल्म महोत्सव का शुभारंभ आज हुआ। इसमें अलग-अलग प्रकार की कई विज्ञान फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। केन्द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने इस महोत्सव का शुभारंभ किया।
डॉ.हर्षवर्धन ने विज्ञान फिल्म महोत्सव के उद्घाटन सत्र में कहा कि ये अलग-अलग फिल्में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कोविड-19 से संबंधित जागरूकता और आत्म निर्भर भारत बनाने के प्रयासों के विषय पर आधारित है। उन्होंने कहा कि फिल्में विज्ञान के बारे में बात करने का बेहतर माध्यम हैं।
फिल्म निर्माता और विज्ञान महोत्सव के निर्णायक दल के अध्यक्ष माइक पांडेय ने कहा कि इस महोत्सव में अनंत क्षमता है और हम अपने अनुभवों को साझा करने से इन्हें पोषित कर सकते हैं।
इस फिल्म महोत्सव के समन्वयक निमिष कपूर ने कहा कि विज्ञान को लोकप्रिय बनाने के लिए फिल्मों के माध्यम की क्षमता का उपयोग करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विजेता फिल्मों की घोषणा 25 दिसंबर को की जाएगी।