सऊदी अरब में फंसे बिहार के 17 लोगों को मिली नौकरी, पांच वापस लौटे

पटना
सऊदी अरब में फंसे बिहार के 17 लोगों को काम मिल गया है। वहीं, पांच लोग वापस अपने घर लौट गए हैं। समस्तीपुर निवासी एक व्यक्ति सऊदी अरब में ही दूसरी जगह चला गया है। मधुबनी निवासी दो लोगों को काम पसंद नहीं आया तथा एक वहीं रहना चाहता है। इन तीनों के लिए दूसरा काम ढूंढ़ा जा रहा है। इमीग्रेशन अधिकारी ताबिशी बहल पांडे ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य के 26 लोग वहां फंसे थे। लौटने वाले लोग सीतामढ़ी और मधुबनी के हैं। जिन्हें काम मिला है उसमें से पांच समस्तीपुर के हैं, अन्य मधुबनी और सीतामढ़ी के हैं। बता दें कि ‘हिन्दुस्तान’ में 11 मई को इस संबंध में खबर छपने के बाद विदेश मंत्रालय ने पहल की थी। उसकी पहल के बाद सऊदी अरब में फंसे लोगों से संपर्क किया गया था। इन्हें काम के बहाने वहां ले जाया गया था। काम तो दूर वहां न रहने की व्यवस्था थी और न ही ठहरने की। हालांकि, इन लोगों को वहां ले जाने वाली रे ट्रेवल्स रिक्रूटमेंट एजेंसी का कहना है कि रमजान के कारण काम नहीं दे पा रहे थे।